Search

October 31, 2026 10:27 pm

नवोदय विद्यालय की समस्याओं से रूबरू हुईं उपासना मरांडी, समाधान के लिए पहल का दिया भरोसा

प्राचार्य ने रखी बुनियादी सुविधाओं की मांग, परिसर में सड़क निर्माण का मुद्दा भी उठा।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर प्रखंड के तेलियापोखर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की बुनियादी समस्याओं को लेकर शनिवार को झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य संजय कुमार प्रसाद एवं शिक्षकों से मुलाकात कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुलाकात के दौरान प्राचार्य ने विद्यालय में मौजूद विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। विशेष रूप से विद्यालय परिसर के अंदर सड़क निर्माण की आवश्यकता पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उपासना मरांडी ने विद्यालय प्रबंधन की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। विद्यार्थियों को अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिले, इसके लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए। विद्यालय की समस्याओं को दूर करने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। इससे पहले विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर उपासना मरांडी का स्वागत किया। मौके पर जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, पंचायत की मुखिया मरियम मरांडी, योगेंद्र मुर्मू, मोहनलाल टुडू, निरोज मड़ैया सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।

IMG 20261031 WA0021

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!