Search

May 21, 2026 8:23 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में तीन दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन।

पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत झरिया गांव स्थित पीएम श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय भारतीय ग्रीष्मकालीन शिविर (समर कैंप) का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस समर कैंप का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा व्यावहारिक कौशल का विकास करना था। परीक्षाओं के बाद छात्राओं के खाली समय को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में बदलने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले इस शिविर में छात्राओं ने अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समर कैंप के दौरान योगाभ्यास, कबड्डी, खो-खो, कैरम, विद्यालय बैंड प्रदर्शन, कहानी लेखन, ड्राइंग, गायन, भारतीय एवं क्षेत्रीय लोकनृत्य तथा स्थानीय व्यंजन निर्माण जैसी कई गतिविधियां कराई गईं। इन गतिविधियों ने न केवल छात्राओं के कौशल को निखारा बल्कि उनमें टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास भी विकसित किया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि छात्राओं ने पारंपरिक कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इससे बच्चों की एकाग्रता, सृजनात्मक क्षमता के साथ-साथ उन्हें भारतीय परंपराओं एवं स्वरोजगार की संभावनाओं से भी परिचित होने का अवसर मिला। विद्यालय की वार्डन असुंता मुर्मू ने बताया कि परीक्षाओं के बाद बच्चों के समय का सदुपयोग सुनिश्चित करने के लिए तीन दिवसीय हॉबी क्लास एवं समर कैंप का आयोजन किया गया। इसमें आत्मरक्षा, ड्राइंग, गायन, नृत्य और खेल जैसी गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों को ग्रामीण परिवेश से जुड़ने और व्यावहारिक जीवन कौशल सीखने का अवसर दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस समर कैंप को सफल बनाने में विद्यालय की अकाउंटेंट राखी चौधरी, शिक्षिकाएं अनोखी अर्लिना मरांडी, तनुश्री दास, सरिता मरांडी, रिंकी मरांडी सहित सभी शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन अवसर पर विद्यालय परिवार ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ऐसे आयोजनों को आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की बात कही।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!