अक्षय कुमार
घाटो। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह में क्लस्टर स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में हवन के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभी अतिथियों का हरित परंपरा का निर्वहन करते हुए पौधा भेंट कर स्वागत किया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए थीम आधारित उत्कृष्ट रचनात्मक चित्रांकन, कपड़े का झोला,बैज एवं सैश,भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एस. के. शर्मा, ए.आर.ओ. सह क्लस्टर प्रमुख, झारखंड ज़ोन–डी थे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में राष्ट्रीय एथलेटिक्स विजेता श्री राजीव रंजन वरीय प्रबंधक खेल विभाग टाटा स्टील वेस्ट बोकारो डिवीजन, तारकेश्वर कुमार (प्राचार्य, बिरसा मुंडा डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बुंडू), राकेश कुमार सिन्हा (प्राचार्य, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, तोपा), प्रशांत कुमार भुइयाँ (प्राचार्य, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, उरीमारी), बुबुन शरण (डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सिल्ली), सुजॉय कुमार मिश्रा (प्राचार्य, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सिमडेगा), डॉ. अरविंद कुमार (सांसद प्रतिनिधि, हजारीबाग) तथा सीमा प्रवीण (उप मुखिया, सोनडीहा पंचायत) की उपस्थिति ने शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डीएवी का यह विशिष्ट पहचान है,जहाँ शिक्षा के साथ-साथ खेल, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा संघर्षशीलता का विकास करते हैं।


उन्होंने सभी प्रतिभागियों से निष्पक्ष खेल भावना के साथ अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि डॉ. एस. के. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में आयोजित खेल प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित दिशा देने का श्रेष्ठ मंच हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, 4×100 मीटर एवं 4×400 मीटर रिले, हाई जंप, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, डिस्कस थ्रो तथा जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के खेल शिक्षकों, समस्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिसर पूरे दिन खिलाड़ियों के उत्साह, दर्शकों की तालियों और खेल भावना से गूँजता रहा। यह आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।





