राजकुमार भगत
पाकुड़। मातृ दिवस के पावन अवसर पर ज्ञान निकेतन विद्यालय परिसर में मातृ दिवस सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सूचना एवं जनसंपर्क सह खेल पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में के.के.एम कॉलेज पाकुड़ के प्रोफेसर डॉ. मनोहर कुमार, जिदातो बालिका उच्च विद्यालय के पूर्व शिक्षक कैलाश झा तथा समाजसेवी भागीरथ तिवारी शामिल हुए। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राहुल कुमार ने कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोच्च है। मां केवल जन्म ही नहीं देती, बल्कि अपने संस्कार, त्याग और प्रेम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पूर्व छात्र सूरज प्रकाश साह (पिता—कृष्ण चंद्र साह), निवासी कॉलेज रोड, पाकुड़, जो वर्तमान में महेशपुर प्रखंड में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं समाज में उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति से अभिभावक एवं अतिथि भावुक और उत्साहित नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और मातृ सम्मान की भावना से सराबोर रहा।






