पाकुड़। केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में स्नातक स्तर पर सीटों में भारी कटौती के विरोध में छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। एनएसयू अध्यक्ष शाहजमल शेख के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने सोमवार को सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका में धरना-प्रदर्शन कर सीटों की संख्या पूर्ववत करने की मांग उठाई। छात्रों के अनुसार, केकेएम कॉलेज में पहले करीब 4,650 सीटें थीं, जिन्हें घटाकर लगभग 1,800 कर दिया गया है। इससे पाकुड़ सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित होने की आशंका है। छात्रों का शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन 5 अगस्त से लगातार जारी है।
एनएसयू अध्यक्ष शाहजमल शेख ने कहा कि सीटों में कटौती सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित में तत्काल पहल करते हुए पर्याप्त सीटें बहाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।





