सात दिवसीय धार्मिक कथा का शुभारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।
इकबाल हुसैन
महेशपुर: प्रखंड के महेशगढ़िया गांव स्थित साहु टोला में हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी शामिल हुईं। उनके साथ सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम और थाना प्रभारी रवि शर्मा भी मौजूद रहे। आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुई। इसके बाद उपासना मरांडी ने फीता काटकर मंदिर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के तहत सात दिवसीय धार्मिक कथा का भी शुभारंभ किया गया। कथा वाचक संतोष चौबे ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में भगवान श्रीराम और हनुमान जी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया जाएगा। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं। अपने संबोधन में उपासना मरांडी ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करते हैं। धर्म हमें केवल पूजा-पाठ ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना भी सिखाता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए सर्वोपरि है और वे हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेंगी। क्षेत्रवासियों को हर संभव सहयोग देने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।
इस अवसर पर निरोज मड़ैया, जानिसार अंसारी, कादिर अंसारी, अनिल साह, बिरजू साह, अक्लु साह, वकील साह, अर्जुन साह, संतोष साह, चितरंजन साह, बबलू, संतोष ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।









