पाकुड़। जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर गांव निवासी हक साहेब ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE-XXI) में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और पूरे पाकुड़ जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनकी इस उपलब्धि को विधि की पढ़ाई कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है। हक साहेब बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अंजना हाई स्कूल से प्राप्त की, जहां दसवीं की परीक्षा में विद्यालय के टॉप-10 विद्यार्थियों में स्थान बनाया। इसके बाद जिदातो इंटरमीडिएट कॉलेज, पाकुड़ से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया।
उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने केकेएम कॉलेज, पाकुड़ से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक किया और विश्वविद्यालय परीक्षा में टॉप-7 में स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने मुंगेर विश्वविद्यालय, बिहार से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। एलएलबी परीक्षा में बीएसआईएलएस कॉलेज के टॉप-20 विद्यार्थियों में शामिल होने के साथ उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुआ। अब AIBE-XXI परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने अधिवक्ता के रूप में अपने पेशेवर जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। हक साहेब ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता अनारूल शेख और गोलमा बीवी, वरिष्ठ अधिवक्ता शकील अहमद, शिक्षकों, मार्गदर्शकों, साथियों और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एक सफल अधिवक्ता बनकर संविधान और कानून के दायरे में रहकर प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाने की दिशा में ईमानदारी से कार्य करना है। उनके पिता अनारूल शेख और माता गोलमा बीवी ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन का यह परिणाम पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।ग्रामीणों ने भी हक साहेब की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के विधि के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। वहीं जिले के शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी हक साहेब को बधाई देते हुए इसे पाकुड़ के लिए गौरव का विषय बताया।






