अक्षय कुमार
रामगढ़। शनिवार को रामगढ़ के बिजुलिया स्थित अशेश्वर सिंह ब्रह्मर्षि धर्मशाला में ‘चौथी रामगढ़ जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप’ (4th Ramgarh District Yogasana Sports Championship) का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन रामगढ़ जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन (RDYSA) द्वारा किया गया था। इस भव्य प्रतियोगिता में राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

शुभम कुमार वर्मा और विवेक लकड़ा ने प्रतियोगिता में कोच तथा टेक्निकल कमेटी (तकनीकी समिति) के सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के सीनियर आयु वर्ग (Senior Age Category) में राधा गोविंद विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। सीनियर वर्ग में सुश्री खुशबू कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) पर कब्जा जमाया, जबकि दीप्ति कुमारी ने रजत पदक (Silver Medal) हासिल कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया। इसी वर्ग के पुरुष वर्ग में विकास कुमार राम ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

वहीं गणित विभाग के प्रतिभाशाली छात्रा खुशी कुमारी सत्र (23-27) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कैटिगरी -1 ट्रेडिशनल और कैटिगरी -2 ट्विस्टिंग बॉडी में प्रथम स्थान प्राप्त की। खुशी कुमारी का चुनाव झारखण्ड राज्य योगासन प्रतियोगिता के लिए हुआ है जो 25 से 28 जून 2026 तक लातेहार में आयोजित होगी। कुलाधिपति बी एन साह ने हार्दिक शुभकामनाएं दी और उन्होंने बधाई संदेश में कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

इस शानदार उपलब्धि पर विश्वविद्यालय प्रबंधन के सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के लेफ्टिनेंट डॉ अमन वर्मा, गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विजय कुमार पांडेय तथा अन्य शिक्षकगणों ने हर्ष व्यक्त किया है और विजेता खिलाड़ियों, कोच तथा तकनीकी समिति के सदस्यों को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।





