राज्य स्तरीय टीम ने किया निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तक की परखी हकीकत।
पाकुड़। सेंट्रल टीम के निरीक्षण की तैयारी में स्वास्थ्य विभाग अब हिरणपुर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है। केंद्रीय टीम के दौरे से पहले राज्य स्तरीय विशेष टीम ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल की। इस दौरान कई बिंदुओं पर कमियां सामने आईं, जिन्हें संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों (एमओआईसी) को बताते हुए जल्द सुधार करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने साफ-सफाई, स्वास्थ्य कर्मियों के प्रशिक्षण, आईईसी सामग्री की उपलब्धता और गरीब मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। टीम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलना भी सुनिश्चित किया जाए। वहीं, ग्रामीण इलाकों में झोलाछाप चिकित्सकों से इलाज कराने की समस्या पर अधिकारियों ने स्वीकार किया कि कुछ क्षेत्रों में अब भी ऐसी स्थिति बनी हुई है। इसे दूर करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. मुकेश मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को संबंधित अधिकारियों के साथ साझा किया गया है, ताकि केंद्रीय टीम के निरीक्षण से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें।






