Search

September 27, 2026 12:23 pm

झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था बनेगी मॉडल सिस्टम: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

पाकुड़ परिसदन में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द ही एक “मॉडल स्वास्थ्य व्यवस्था” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां ऑपरेशन थिएटर से लेकर आईसीयू तक सभी सुविधाएं अत्याधुनिक होंगी और मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों को सुदृढ़ करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जिले में बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बेहद गंभीर है और हर महीने इस विषय पर समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है। मीडिया द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस को लेकर उठाए गए सवाल पर मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि यदि कोई सरकारी डॉक्टर मरीजों को निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराने के लिए प्रेरित करता है, तो यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों की तुरंत सूचना दें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके। डॉ. अंसारी ने बताया कि सभी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी और स्वास्थ्य व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार मरीजों को बाहर रेफर करने की स्थिति इसलिए बनती है क्योंकि अस्पतालों में भीड़ और हंगामे की आशंका रहती है। ऐसे में डॉक्टर प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर सुविधा के लिए मरीजों को रेफर करते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हर महीने राज्य के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक होती है, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि जिले के उपायुक्त, सिविल सर्जन और डॉक्टर पूरी गंभीरता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था एक मजबूत और भरोसेमंद सिस्टम के रूप में सामने आएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!