Search

July 7, 2026 9:01 pm

हिरणपुर का बेटा फिर चमका स्टार जलशा पर, ‘घूर्णी’ में लीड हीरो बन छाए कुणाल शील

‘गीता एलएलबी’ के बाद दूसरी बार मिला मुख्य भूमिका का मौका, पृथ्वीराज के किरदार से जीत रहे दर्शकों का दिल।

हिरणपुर (पाकुड़): प्रतिभा अगर जुनून के साथ जुड़ जाए तो छोटे शहरों की सीमाएं भी बड़ी मंजिलों के सामने छोटी पड़ जाती हैं। इसका ताजा उदाहरण पाकुड़ जिले के हिरणपुर निवासी युवा अभिनेता कुणाल शील (सोनाय) हैं। अभिनय की दुनिया में लगातार अपनी पहचान मजबूत करते हुए कुणाल को एक बार फिर बंगाली मनोरंजन जगत के प्रतिष्ठित चैनल स्टार जलशा के प्राइम टाइम धारावाहिक ‘घूर्णी’ में मुख्य अभिनेता बनने का मौका मिला है। वे इस धारावाहिक में ‘पृथ्वीराज’ की दमदार भूमिका निभा रहे हैं।
‘घूर्णी’ महिला क्रिकेट की पृष्ठभूमि पर आधारित एक प्रेरणादायी ड्रामा है। कहानी एक प्रतिभाशाली युवती के संघर्ष, सपनों और सफलता की यात्रा को दर्शाती है। धारावाहिक में पृथ्वीराज का किरदार निभा रहे कुणाल शील नायिका के जीवन में प्रेरक और मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके सशक्त अभिनय को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। यह धारावाहिक 27 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन शाम 7:30 बजे स्टार जलशा और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित हो रहा है। हाल ही में इसका 70वां एपिसोड प्रसारित हुआ, जिसके बाद कुणाल के अभिनय की चर्चा और तेज हो गई है। यह पहली बार नहीं है जब कुणाल ने मुख्य भूमिका निभाई हो। इससे पहले वे चर्चित धारावाहिक ‘गीता एलएलबी’ में ‘स्वास्तिक’ के केंद्रीय किरदार में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवा चुके हैं। लगातार दूसरी बार स्टार जलशा के बड़े मंच पर मुख्य भूमिका मिलना उनकी मेहनत, समर्पण और अभिनय प्रतिभा का प्रमाण माना जा रहा है। कुणाल की इस उपलब्धि से हिरणपुर ही नहीं, पूरे पाकुड़ जिले में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक छोटे से कस्बे का युवा आज बंगाल के सबसे लोकप्रिय टीवी चैनल के प्राइम टाइम पर मुख्य अभिनेता के रूप में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!