प्रोजेक्ट परख 2.0 के तहत समारोह, संघर्ष के साथ हासिल उपलब्धियों को बताया सबसे बड़ी पहचान
पाकुड़, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 29 छात्र-छात्राओं को गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम प्रोजेक्ट परख 2.0 के तहत आयोजित हुआ, जिसमें उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी और अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में अधिकारियों ने साफ संदेश दिया—सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और परिस्थितियों से लड़कर हासिल की गई उपलब्धियों से तय होती है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि परीक्षा जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलती है। हर विद्यार्थी की परिस्थितियां अलग होती हैं, लेकिन ईमानदार प्रयास, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक माहौल सफलता दिलाते हैं। उन्होंने छात्रों को अति-आत्मविश्वास से बचने और लगातार पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि असली सफलता वही है, जो चुनौतियों के बीच हासिल की जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी छात्र ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया है, तो वह भी सराहना के योग्य है। कक्षा 11 में प्रवेश को नई शुरुआत बताते हुए उन्होंने छात्रों को मोबाइल से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस करने, अनुशासन बनाए रखने और करियर का चयन अपनी रुचि के अनुसार करने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने में सहयोग करें। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया, एडीपीओ पीयूष कुमार समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।








