पाकुड़। जिले में अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत की गई। इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अग्निशमन सेवा सप्ताह का स्टीकर (बैच) लगाया गया। अग्निशमन पदाधिकारी अजय कुमार सिंह ने उपायुक्त मनीष कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बैच लगाकर सेवा सप्ताह की औपचारिक शुरुआत की। उपायुक्त मनीष कुमार ने इस अवसर पर अग्नि सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों, अस्पतालों, सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में आगजनी की स्थिति में राहत एवं बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस दौरान उपायुक्त ने अग्नि प्रभावित पीड़ितों की सहायता हेतु अग्निशमन टीम द्वारा लगाए गए सहयोग संग्रह पेटी में स्वयं भी सहयोग राशि प्रदान की और अन्य लोगों को भी इसमें योगदान देने की अपील की।







