Search

September 25, 2026 7:48 pm

आंगनबाड़ी योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, लंबित कार्य जल्द निपटाने के आदेश।

पाकुड़, समाज कल्याण कार्यालय में गुरुवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा की अध्यक्षता में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं—पेयजल, शौचालय और रेन वाटर हार्वेस्टिंग—की स्थिति पर चर्चा हुई। पदाधिकारी ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि लाभुकों को बेहतर सुविधा मिल सके। मनरेगा अभिसरण योजना के तहत जिन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण शुरू नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कर समयबद्ध पूरा करने को कहा गया। साथ ही केंद्रों में रिक्त सेविका और सहायिका पदों को जल्द भरने तथा चयन प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया। पोषण ट्रैकर ऐप में लाभुकों की शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए नियमित अपडेट करने को कहा गया। हर आंगनबाड़ी केंद्र में प्रतिमाह कम से कम दो सीबीई कार्यक्रम आयोजित कर उसकी एंट्री अनिवार्य करने का निर्देश भी दिया गया।
आपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को लक्ष्य जल्द पूरा करने को कहा गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रत्येक केंद्र को कम से कम पांच लाभुकों की एंट्री सुनिश्चित करने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी कर्मियों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा। बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और महिला पर्यवेक्षिकाएं मौजूद रहीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!