पाकुड़। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गुरुवार को जिले के पाकुड़, पाकुड़िया और महेशपुर में भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरे। तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। पाकुड़ नगर में तिरंगा बाइक रैली का शुभारंभ सिद्धो-कान्हो मुर्मू पार्क से हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू और जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजक हिसाबी राय के नेतृत्व में सैकड़ों बाइक सवार तिरंगा लहराते हुए नगर भ्रमण पर निकले। रैली हाटपाड़ा, बिरसा चौक, अंबेडकर चौक, गांधी चौक और खुदीराम चौक होते हुए स्वामी विवेकानंद चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच सड़क किनारे लोगों ने भी रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पाकुड़िया में सिद्धू-कान्हू चौक से तिरंगा यात्रा शुरू होकर पूरे बाजार का भ्रमण करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंची और वापस सिद्धू-कान्हू चौक पर समाप्त हुई। वहीं महेशपुर में भाजपा कार्यालय से मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा लेकर शामिल हुए और लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता तथा तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का माध्यम है। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह और जिला महामंत्री रूपेश भगत ने कहा कि तिरंगा यात्रा महज रैली नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश है।
पाकुड़िया की यात्रा में जिला उपाध्यक्ष मोहन चौबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हिरदानंद भगत, पाकुड़िया पश्चिम मंडल अध्यक्ष अजय भंडारी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष संजीव भगत, जयसेन बैसरा, विजय भगत समेत कार्यकर्ता शामिल हुए। महेशपुर में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री साधन ठाकुर, जिला मंत्री रामचंद्र साहा समेत मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पाकुड़ नगर की रैली में भी बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
तीनों क्षेत्रों में निकली तिरंगा यात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले में देशभक्ति का माहौल और मजबूत कर दिया। यात्राओं के जरिए लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की गई।










