Search

April 15, 2026 3:05 am

पुलिस लाइन में गूंजा ‘जय भीम’, 135वीं जयंती पर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि, जागरूकता का भी दिया संदेश।

पाकुड़: स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती अत्यंत गरिमामय माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस एसोसिएशन, पाकुड़ द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मियों ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम का संचालन एसडीपीओ विजय कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में नितेश कुमार दुबे (अध्यक्ष, पुलिस एसोसिएशन), सोराय तापे (सचिव), राजेश कुमार राम (आयोजक) और खुशीलाल महतो (परिचारी प्रवर) की अहम भूमिका रही। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने और भारतीय संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में “समस्त पाकुड़ पुलिस परिवार” की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पुलिसकर्मियों ने जनसेवा और न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान बच्चों ने रानी लक्ष्मीबाई और बाबा साहेब का रूप धारण कर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें एसपी द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं, चौकीदारों की एक टीम ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसे सराहा गया और पुरस्कृत किया गया। एसपी निधि द्विवेदी ने बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए इसे जड़ से समाप्त करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि चौकीदारों की टीम जिले के गांव-गांव जाकर बाल विवाह और डायन प्रथा के खिलाफ अभियान चलाएगी, ताकि समाज से इन कुप्रथाओं का पूरी तरह उन्मूलन हो सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!