प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा। झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने बुधवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के सोनाधनी और बाड़ो पंचायत के विभिन्न बूथों का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर भरे जा रहे एन्यूमरेशन फॉर्म का निरीक्षण किया और बीएलओ से वितरित किए गए फॉर्म तथा ऑनलाइन अपलोड किए जा चुके मतदाताओं की संख्या की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाध्यक्ष ने उपस्थित बीएलए-2 को मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने और उनके फॉर्म की ऑनलाइन एंट्री जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बीएलए-2 से कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। सभी पात्र मतदाताओं के नाम ऑनलाइन दर्ज कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया से वंचित न रहे। मौके पर अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सगीर अंसारी समेत झामुमो के अन्य सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थे।








