प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा/पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के दिवंगत नेता, झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी योद्धा एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की 17वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के रुडगू स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू तथा झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान नेताओं ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड आंदोलन को मजबूती देने के साथ-साथ गरीबों, आदिवासियों, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज बुलंद करने का काम किया। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि दुर्गा सोरेन हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता करते थे। वे जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तत्पर रहते थे। उनकी नेतृत्व क्षमता अद्भुत थी और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन के असामयिक निधन से झारखंड की राजनीति में जो शून्यता पैदा हुई, उसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन उनके विचार और संघर्ष हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे। कार्यक्रम में लिट्टीपाड़ा प्रखंड अध्यक्ष प्रसाद हाँसदा, सचिव जावेद आलम, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, अम्लान कुसुम सिन्हा (बुल्टी), प्रखंड उपाध्यक्ष रंजन साहा, मतीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।






