पाकुड़िया : प्रखंड के लागडुम पंचायत अंतर्गत तलवा गांव निवासी झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता और झारखंड आंदोलनकारी कुबराज मरांडी के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में गहरा दुःख व्याप्त है। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि कुबराज मरांडी एक समर्पित, ईमानदार और संघर्षशील कार्यकर्ता थे, जिन्होंने झारखंड आंदोलन और पार्टी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से झामुमो परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।
झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी ने भी परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि कुबराज मरांडी हमेशा पार्टी और समाज के लिए सक्रिय और समर्पित रहे। उनकी कमी को भर पाना कठिन होगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिवंगत को पार्टी का झंडा ओढ़ाकर और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, सचिव मैनुद्दीन अंसारी, उपाध्यक्ष अशोक भगत, कालिदास टुडू, महेन्द्र टुडू, मैनेजर हेमब्रोम, अब्दुल बनीज, मुसारफ हुसैन, विश्वजीत दास, अख्तर आलम, खुदू भगत, अजीमुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।







