पाकुड़। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 रविवार को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की गई। जिले में कुल 6,000 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3,536 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2,464 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। तीनों पालियों में क्रमशः 1,179, 1,179 और 1,178 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। सभी केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के साथ 205 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया था। अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। पूरे दिन कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बताया जाता है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के करीब दो वर्ष बाद परीक्षा आयोजित होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अन्य राज्यों में रोजगार या उच्च शिक्षा के लिए चले गए। इसी वजह से इस बार उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। जिला प्रशासन की सतर्क निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।





