पाकुड़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को पाकुड़ जिले में श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल रहा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों, आश्रमों और विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने स्नान-ध्यान के बाद पूजा-अर्चना की और अपने गुरुजनों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में त्रि-कुंडीय गायत्री महायज्ञ, संस्कार, युग संगीत, प्रेरणादायक प्रवचन और दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया।
पाकुड़ शहर की कृष्णापुरी कॉलोनी में सुबह 10 बजे से त्रि-कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों का आयोजन हुआ। बबीता मंडल के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और यज्ञ में आहुति दी। वहीं, पाकुड़िया प्रखंड के नवाडीह गांव में भी त्रि-कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विभिन्न संस्कार कराए गए। शेषनाथ चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शाम को युग संगीत, प्रेरणादायक प्रवचन और दीप महायज्ञ हुआ। कार्यक्रम में गायत्री परिवार से जुड़े दर्जनों परिवारों के साथ मुख्य ट्रस्टी मनोज कुमार गुप्ता और जिला उप समन्वयक अम्लान कुमार मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने गुरु के महत्व और गायत्री परिवार के रचनात्मक एवं आध्यात्मिक अभियानों पर प्रकाश डाला। गुरु पूर्णिमा को लेकर जिले के विभिन्न मंदिरों और आश्रमों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सदर प्रखंड स्थित प्राचीन श्रीश्री तारा मां बामदेव आश्रम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा बामदेव की पूजा-अर्चना कराई। श्रद्धालुओं ने बाबा बामदेव के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर आश्रम परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से भी गुरु दक्षिणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, बांग्ला सावन के कारण बंगाली समुदाय के लोगों में भी विशेष उत्साह देखा गया और श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। श्रीश्री तारा मां बामदेव आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, खान निरीक्षक सुबोध कुमार, मालपहाड़ी ओपी थाना प्रभारी राहुल गुप्ता, मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, समाजसेवी अम्लान कुसुम सिन्हा, श्यामल गोस्वामी, जयदेव कुमार, संजू टेवड़ीवाल, प्रवीण जैन और बृजमोहन शाह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





