पाकुड़। झारखंड की राजधानी रांची स्थित खेलगांव सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह में ‘उत्कृष्ट जिला परिषद अध्यक्ष’ के सम्मान से नवाजी गईं पाकुड़ जिला परिषद अध्यक्ष जुली खिष्टमनी हेंब्रम का रविवार को पाकुड़िया पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने फूल-माला और गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सबसे पहले सिद्धू-कानू मोड़ स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर और फूलों से स्वागत कर खुशी जाहिर की।
जानकारी के अनुसार, इस सम्मान के तहत जुली हेंब्रम को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान मुख्यमंत्री द्वारा अपने हाथों से दिया गया। कार्यक्रम में संजय हंसदा, भावेश टुडू, मनोज हेंब्रम, ढेंना मरांडी, बिसानियल टुडू, अनिल मुर्मू, सरकार हेंब्रम, लखीराम हेंब्रम, दिलीप पाल, प्रकाश भगत, अब्दुल अंसारी, सनाउल अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








