पाकुड़। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की ओर से चलाए जा रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत जेल और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दिवाकर पांडेय के निर्देश और सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में पाकुड़ जेल में बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ सुबोध कुमार दफादार ने बंदियों से उनके मामलों की जानकारी ली, जबकि डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने पात्र बंदियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने सहित अन्य कानूनी सहायता की जानकारी दी। वहीं, लिट्टीपाड़ा के बमनीपहाड़ आदिवासी बहुल क्षेत्र में पीएलवी मीरु बेसरा ने डायन प्रथा और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणाम बताए। पाकुड़िया प्रखंड के खकसा में भी लोगों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की अपील की गई। अभियान में पीएलवी मोकमाउल शेख समेत अन्य ने सक्रिय भूमिका निभाई।





