Search

May 20, 2026 11:02 pm

पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, पांच डीएसपी रैंक के अधिकारियों का तबादला

पाकुड़: राज्य सरकार द्वारा पुलिस विभाग में किए गए व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत पाकुड़ जिले में तैनात डीएसपी रैंक के पांच अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद जिले को नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और मुख्यालय डीएसपी भी मिल गए हैं। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जारी अधिसूचना के अनुसार, पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद का तबादला जैप-8, लेस्लीगंज में किया गया है। उनकी जगह कुमार गौरव पाकुड़ के नए एसडीपीओ के रूप में पदभार संभालेंगे। वहीं, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार को लातेहार स्थित आईआरबी-4 भेजा गया है। उनके स्थान पर उज्जवल कुमार साह को पाकुड़ का नया मुख्यालय डीएसपी बनाया गया है।
इधर, पाकुड़ में तैनात प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी पोस्टिंग रांची में की गई है। इसके अलावा हाल ही में इंस्पेक्टर से डीएसपी पद पर प्रोन्नत हुए दो अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवप्रोन्नत डीएसपी मनोज कुमार को दुमका भेजा गया है, जबकि पाकुड़ से जुड़े नवप्रोन्नत डीएसपी राजेश कुमार का तबादला जंगल वारफेयर स्कूल, नेतरहाट में किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक मजबूती और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती के बाद जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था में नई सक्रियता देखने को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!