बजरंग पंडित पाकुड़।
पाकुड़: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा पूरे राज्य में 50 लाख नए सदस्य जोड़ने के लक्ष्य के तहत पाकुड़ जिला कार्यालय में सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान झामुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम यादव एवं संयोजक मंडल प्रमुख अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सदस्यता अभियान के अंतर्गत पाकुड़ जिला नगर कमेटी द्वारा धनुष पूजा चौक एवं मौलाना चौक बल्लबपुर में विशेष शिविर लगाए गए, जहां नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस अभियान में 70 से 80 नए सदस्य झारखंड मुक्ति मोर्चा का हिस्सा बने। इस मौके पर जिला संयोजक मंडली सदस्य एवं संचालन समिति प्रमुख मुकेश सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर कमेटी प्रमुख मुकेश सिंह ने विशेष रूप से नए सदस्यों को पार्टी में शामिल करने की जिम्मेदारी संभाली और उन्हें झामुमो की विचारधारा एवं नीतियों से अवगत कराया। सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की नीतियों, संगठन की मजबूती और राज्य के विकास में पार्टी की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि झामुमो केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता और हक-अधिकार की लड़ाई लड़ने वाला संगठन है। कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि यह अभियान जिले भर में तेजी से चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जा सके और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर जुहूर आलम, फारुक शेख, मुस्लुदीन शेख, आदित्य तिवारी, नूर आलम, अब्दुल हलीम, रियाज अंसार सहित कई अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं ने अपील की कि अधिक से अधिक लोग पार्टी की सदस्यता लें और राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाएं। झामुमो की ओर से यह अभियान पूरे जिले में अलग-अलग जगहों पर निरंतर जारी रहेगा ताकि संगठन को और मजबूत किया जा सके एवं पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
