लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): संग्रामपुर गांव में शुक्रवार को आयोजित पारंपरिक पाता मेला में विधायक हेमलाल मुर्मू मुख्य आकर्षण के केंद्र रहे। उनके पहुंचते ही ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विधायक ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया और मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों से संवाद भी किया। इस अवसर पर विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि पारंपरिक मेले गांव की संस्कृति, पहचान और सामाजिक एकता के प्रतीक होते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण कला, परंपरा और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। विधायक ने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता को नई मजबूती देते हैं। उनके संबोधन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने झूले, दुकानों और मनोरंजन के साधनों का आनंद लिया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष समाद अली, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।






