Search

August 30, 2026 3:19 pm

गड्ढों में गुम हुई सड़क, हिचकोले खा रही जनता, हादसे के बाद जागेगा प्रशासन या पहले?

अमर भगत

अमड़ापाड़ा/पाकुड़। विकास के दावों के बीच अमड़ापाड़ा क्षेत्र की जर्जर सड़क व्यवस्था की पोल खोल रही है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी के साथ हादसे का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इसी मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, मजदूर और मरीज गुजरते हैं। सबसे अधिक परेशानी मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली वर्षों पुरानी है। मरम्मत की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है? लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति तत्काल सुधारी नहीं गई तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। जर्जर सड़क अब सिर्फ आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराकर अस्थायी खानापूर्ति के बजाय स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन लोगों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था की नींद टूटेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!