स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर, बाल विवाह और बुजुर्गों के अधिकारों पर दी गई जानकारी।
हिरणपुर (पाकुड़)। समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने तथा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय मोहनपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पाकुड़ की ओर से आयोजित शिविर में नालसा की विभिन्न योजनाओं और निशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना डालसा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कानूनी विवाद होने पर लोग डालसा से संपर्क कर निशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। सुलह योग्य मामलों का निपटारा मध्यस्थता के माध्यम से भी कराया जा सकता है।
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने बुजुर्गों, मानसिक रूप से पीड़ित व्यक्तियों और बच्चों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह रोकने के लिए बने कानून और बालिकाओं के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया। पीएलए सदस्य राजीव कुमार झा ने नालसा की योजनाओं और कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला। बीडीओ टुडू दिलीप ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। वहीं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने गरीब और कमजोर वर्गों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को बताया। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी मनोज कुमार, पीएलए सदस्य, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित थे। मंच संचालन जेडएच विश्वास ने किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने धन्यवाद ज्ञापन किया।






