पाकुड़ | समाहरणालय परिसर में शनिवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कामकाज की हकीकत परखी। उन्होंने साफ कहा—सरकारी दफ्तर आम लोगों के लिए हैं, इसलिए सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान स्थापना, सामान्य, निर्वाचन, नीलाम पत्र, भू-अर्जन, राजस्व, डीपीएमयू, आपूर्ति, विधि शाखा और नजारत समेत कई कार्यालयों की व्यवस्था और कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों-कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जनता की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
उन्होंने दो टूक कहा कि बेहतर प्रशासन वही है, जहां नागरिक को सम्मान के साथ बिना भटकाव सेवा मिले। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता सहित कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।








