Search

July 29, 2026 11:25 pm

गुरु पूर्णिमा पर साईं भक्ति में डूबे श्रद्धालु, विभिन्न केंद्रों में भजन-सत्संग और नारायण सेवा का आयोजन

पाकुड़/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री सत्य साईं सेवा संगठन के विभिन्न सेवा केंद्रों एवं समितियों में बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भजन, सत्संग, गुरु वंदना, महाआरती एवं नारायण सेवा का आयोजन हुआ। भक्तों ने भगवान श्री सत्य साईं बाबा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गुरु पूर्णिमा मनाई। पाकुड़ के छोटी अलीगंज, मोहनपुर, महेशपुर, बेगमपुरा, कुमिर खोला एवं बिलकांधी सहित साहिबगंज के मनिहारी टोला स्थित सेवा केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन और सत्संग से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के दौरान नारायण सेवा के तहत जरूरतमंदों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सत्य साईं सेवा संगठन के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. देवकांत ठाकुर ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है। भगवान श्री सत्य साईं बाबा का जीवन प्रेम, सेवा, सत्य और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्य, धर्म, शांति, प्रेम और अहिंसा जैसे मानव मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने का आह्वान किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए समाज सेवा, निस्वार्थ प्रेम और आध्यात्मिक साधना का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में विश्व कल्याण, सुख-शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर सामूहिक प्रार्थना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!