पाकुड़। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को जिलेभर में श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया। सुबह मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी और कुर्बानी की रस्म निभाई। पर्व को लेकर पूरे जिले में खुशियों का माहौल देखने को मिला। वहीं, बकरीद के पहले दिन शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल सिद्धु कान्हु पार्क में अपेक्षा के अनुसार भीड़ नहीं जुटी। आम दिनों और त्योहारों पर गुलजार रहने वाला पार्क इस बार अपेक्षाकृत शांत नजर आया। बच्चों, महिलाओं और युवाओं की संख्या काफी कम रही, जिससे पार्क परिसर में सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल देखने को नहीं मिली।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क
बकरीद को देखते हुए पार्क प्रबंधन ने विशेष तैयारी की थी। आम दिनों में सुबह 9 बजे खुलने वाले पार्क को पर्व के अवसर पर सुबह 8 बजे ही खोल दिया गया। साथ ही पार्क को रात 10 बजे तक खुला रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पार्क परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई। जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार सहित विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
दूसरे दिन बढ़ने की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि बकरीद के पहले दिन अधिकांश लोग घरों में रहकर धार्मिक परंपराएं निभाते हैं, रिश्तेदारों और मेहमानों की आवभगत करते हैं तथा परिवार के साथ समय बिताते हैं। यही वजह रही कि पहले दिन पार्कों में भीड़ कम देखने को मिली। पार्क प्रबंधन और स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि त्योहार के दूसरे दिन सिद्धु कान्हु पार्क सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर अच्छी खासी भीड़ उमड़ेगी। छुट्टी और पारिवारिक मेल-मिलाप का आनंद लेने के लिए लोग बड़ी संख्या में पार्क पहुंच सकते हैं।








