अक्षय कुमार
रामगढ़। रविवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय प्रांगण में विश्व योग दिवस के अवसर पर भव्य “योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के समन्वय का सशक्त आधार है। आइए, योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाए।” योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विश्वविद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व पर प्रकाश डाला।


शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक योगासन और करतब प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक एवं यादगार बना दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। शारीरिक शिक्षा विभाग एवं योग विभाग के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सूर्य नमस्कार, भुजंगासन, चक्रासन, धनुरासन, सर्वांगासन तथा कपालभाति सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। कुलाधिपति बी एन साह ने योग को स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।


सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि ने अपने संबोधन में अंतर्राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक बधाई दी और उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़ता है और समाज को स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है। कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल ने कहा कि योग से स्वास्थ्य मिलता है और अनुशासन से जीवन को सही दिशा; दोनों मिलकर व्यक्तित्व को उत्कृष्ट बनाते हैं। इस अवसर पर वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभिन्न विभागों के संकायाध्यक्ष , विभागाध्यक्ष, व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे।





