Search

September 24, 2026 12:31 pm

एसआईआर के कागजात तलाशने हेतु खोला पुराना बक्सा, फन फैलाए बैठा था 4.5 फीट का कोबरा।

कागजात के बीच जहरीले सांप को देख मची अफरा-तफरी, वाइल्डलाइफ रेस्क्यूअर ने सुरक्षित किया रेस्क्यू।

इकबाल हुसैन

महेशपुर। एसआईआर की सुनवाई के लिए जरूरी कागजात और वंशावली तलाशने के दौरान चांदपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुराने बक्से के अंदर कागजात के बीच करीब साढ़े चार फीट लंबा स्पेक्टेकल्ड कोबरा फन फैलाकर बैठा मिला। सांप को देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, चांदपुर निवासी जतन टुडू को SIR से संबंधित सुनवाई के लिए 24 सितंबर को महेशपुर प्रखंड कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने थे। इसी सिलसिले में गुरुवार सुबह करीब 8:50 बजे परिवार के लोग जमीन से जुड़े कागजात और वंशावली खोजने के लिए घर में रखा पुराना बक्सा खोल रहे थे। बक्सा खुलते ही कागजात के ऊपर बैठा कोबरा अचानक फन उठाकर खड़ा हो गया। जहरीले सांप को सामने देखकर परिजन पीछे हट गए और तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यूअर अशराफुल शेख को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक करीब 4.5 फीट लंबे कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यूअर के अनुसार, पकड़ा गया स्पेक्टेकल्ड कोबरा करीब 13 से 14 वर्ष का अनुमानित है। रेस्क्यू के बाद सांप को बिना नुकसान पहुंचाए उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की कि लंबे समय से बंद पड़े बक्से, अलमारी, कमरे या पुराने सामान को खोलते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार का सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास नहीं करें, बल्कि तत्काल प्रशिक्षित वाइल्डलाइफ रेस्क्यूअर को सूचना दें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!