दो,चार पहिया की जांच तो टोटो टेंपू की क्यों नही
बिना ड्राइविंग लाइसेंस,बिना कोई कागजात के नगर क्षेत्र में परिचालन किसके अनुमति पर
सुदीप कुमार त्रिवेदी
पाकुड़ जिला मुख्यालय के पूरे शहर की मुख्य सड़क एवं शहर के हर गली कूचे में रेंगने वाले टोटो का परिचालन आम शहरी व नागरिकों के लिए सिरदर्द बनता जा रहा है । इनमें अधिकतर टोटो आपको बिना रजिस्टेशन वाली मिलेंगे एवं ऐसे टोटो के चालक की सीट पर आपको नाबालिग चालक के दीदार हो जाएँगे। वैसे देखा जाए तो परिवहन के लिहाज से ऐसे साधन आम जनता व राहगीरों के लिए वरदान साबित होती है लेकिन पाकुड़ शहर के लिए ये मसला आफत वाली सिद्ध हो रही है । इन टोटो चालकों को इस बात से कोई मतलब नहीं है कि उनके लिए स्टैंड कौन सा मुकर्रर है, ना तो इस बात से कोई बावस्ता है कि सड़कों पर किस गति से चलना चाहिए । यात्रियों की मात्रा से कहीं अधिक संख्या में चलने वाले इन टोटो चालकों का आलम ये है कि इनकी जहाँ मर्जी होती है उसी जगह को ये अपना ठहराव स्थल घोषित कर देते है, इतना ही नही सीधी सड़क पर चलते चलते अचानक ये अपने टोटो की गति धीमी करके यू टर्न ले लेते है जिससे इनके पीछे चलने वाले वाहन आपस में टकराते टकराते रह जाते हैं । छोटी अलीगंज स्थित उपायुक्त आवास के समीप जहाँ एक दूसरी सड़क मुख्य सड़क से मिलती है वहाँ पर तो इनका जमावड़ा लगा रहता है, इसके अलावे पुस्तकालय मोड़, नगर थाना के समीप हटिया चौक, इंदिरा चौक, कालीभसान स्थित ट्रेंडी बाजार के सामने, पेट्रोल पंप स्थित अंबेडकर चौक व गाँधी चौक के अलावे कई जगहों पर इनका अवैध जमावड़ा देखने को मिल जाता है । इनसे जब इनके ठहराव स्थल व रजिस्टेशन के बाबत पूछा जाता है तो ये सीधे तौर पर कहते हैं कि हाँ यही स्टैंड है । बताते चले कि फिलवक्त इनके लिए प्रशासन की तरफ से कोई ठहराव स्थल मुकर्रर नही किया गया है । इस बाबत नगर परिषद के प्रशासक का कहना है कि शहर में सरकारी जमीन के अभाव के कारण इनके लिए कोई ठहराव बिंदू निर्धारित नही की जा सकी है परंतु विभाग इस दिशा में प्रयासरत है । वहीं दूसरी ओर बिना रजिस्टेशन व नाबालिग चालक के बाबत जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि समय समय पर इस पर कार्यवाही की जाती है साथ ही उन्होंने कहा कि शहर के सभी टोटो शो रूम वालों को इसके लिए हिदायत दी गई है कि वे रजिस्टेशन पर ध्यान दें ।





