Search

May 26, 2026 3:50 pm

पाकुड़ जिला स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी, 58 संस्थानों को मिला NQAS प्रमाणन

स्वास्थ्य विभाग पाकुड़ ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में 08 नए स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही जिले के कुल 58 स्वास्थ्य संस्थान इस मानक से प्रमाणित हो चुके हैं, जबकि 01 स्वास्थ्य संस्थान का परिणाम अंतिम चरण में है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिले को 58 से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों को NQAS प्रमाणित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसकी दिशा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतत प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन एवं संपूर्ण स्वास्थ्य विभाग की टीम को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट जागृति” के क्रियान्वयन के बाद जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न मानकों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप इंफ्रास्ट्रक्चर एवं सेवा प्रदाय व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उपायुक्त ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में ई-संजीवनी (टेली कंसल्टेशन) के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रस्तुति में टॉप 10 में से 04 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थान प्राप्त किया है, जिन्हें राज्य स्तर पर स्वास्थ्य मंत्री एवं अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) द्वारा सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि आनेवाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा निर्धारित लक्ष्य समय पर प्राप्त किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को निरंतर समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!