पाकुड़। पंचायत स्तर पर बेहतर कामकाज, स्वच्छता और जनभागीदारी के दम पर पाकुड़ जिले ने राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। शुक्रवार को रांची के खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के समारोह में जिले को कई श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में मिले इस सम्मान ने जिले के प्रशासनिक प्रयासों को नई पहचान दी है। जिले को वर्ष 2024-25 के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जिला, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति, उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत तथा उत्कृष्ट ग्राम सभा ग्राम पंचायत जैसी अहम श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। यह उपलब्धि पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और लोगों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम मानी जा रही है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने इस सफलता को टीम वर्क की जीत बताते हुए कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास को गति देने के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने मिलकर काम किया। उन्होंने पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, डीपीएम ई-पंचायत आनंद प्रकाश समेत सभी अधिकारियों और कर्मियों को इस उपलब्धि का श्रेय दिया। समारोह में राज्यभर से आए प्रतिनिधियों के बीच पाकुड़ के कार्यों की खास चर्चा रही। पंचायतों में नवाचार, पारदर्शिता और स्वच्छता को लेकर अपनाए गए मॉडल को सराहा गया।








