पाकुड़िया (पाकुड़): आगामी बकरीद पर्व को लेकर शुक्रवार को पाकुड़िया थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता पुलिस अवर निरीक्षक नागेंद्र कुमार एवं अंचल निरीक्षक जावेद खान ने की। बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक नागेंद्र कुमार ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण, आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें तथा सामाजिक समरसता बनाए रखें। वहीं अंचल निरीक्षक जावेद खान ने भी लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने बैठक के दौरान उपस्थित ग्रामीणों से सुझाव भी लिए तथा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ईदगाहों की जानकारी प्राप्त की। बैठक में विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मो. इस्लाम, नजरुल इस्लाम, जहांगीर अंसारी सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।







