Search

May 20, 2026 10:39 pm

उमस भरी भीषण गर्मी से लोग बेहाल, पारा 37 डिग्री पार।

बिजली की कटौती ने बढ़ाई परेशानी, दोपहर में सूनी पड़ी सड़कें; 25 मई तक राहत के आसार कम।

पाकुड़: लंबे समय तक मौसम में नरमी और हल्की ठंडक के एहसास के बाद अब पाकुड़ में भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि उमस ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। दोपहर होते ही बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा छा गया। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई दिया। कई जगहों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। वहीं कोल्ड ड्रिंक, जूस और बर्फ की बिक्री में अचानक तेजी आ गई। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौनी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बार-बार बिजली कटने से पंखे, कूलर और एसी बंद पड़ते रहे, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत ज्यादा खराब रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। 20 से 25 मई के बीच जिले का तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण कुछ इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार मानसून के 10 से 15 जून के बीच झारखंड में प्रवेश करने की संभावना है। तब तक लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!