Search

May 12, 2026 8:08 pm

दहेज प्रताड़ना के दो अलग-अलग मामले दर्ज,जांच में जुटी पुलिस

इकबाल हुसैन

महेशपुर: थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने सामने आकर सनसनी फैला दी है। दोनों ही मामलों में पीड़ित महिलाओं ने अपने-अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला शहरग्राम की रेशमी कुमारी का है। उन्होंने अपने पति पिन्टु कुमार साहा, ससुर अनिल साहा, सास मालती देवी और ननद बबिता कुमारी पर दो लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार 26 नवंबर 2023 को विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि 5 मई 2026 को पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर दूसरी शादी कर ली और विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। रेशमी कुमारी ने बताया कि उनकी आठ माह की एक बच्ची भी है। इस मामले में थाना में केस संख्या 69/26 दर्ज किया गया है। दूसरा मामला भी शहरग्राम का ही है, जिसमें रूपा कुमारी ने अपने पति कृष्णा मंडल, ससुर उपाध्याय मंडल, सास ज्योति मंडल और सासु मां ममता देवी पर डेढ़ भरी सोना दहेज में मांगने तथा मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी के लगभग डेढ़ साल बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। दहेज की मांग पूरी न होने पर पति द्वारा शराब के नशे में मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। वर्तमान में रूपा कुमारी अपने आठ माह के बेटे के साथ मायके में रह रही हैं। इस मामले में केस संख्या 68/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 316(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!