Search

July 15, 2026 9:07 pm

पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम के घर पुलिस की छापेमारी, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप।

परिसर से मुक्त कराए गए दो नाबालिग मजदूर

पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत जानकीनगर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की भारी टीम ने आजसू के पूर्व एनडीए विधानसभा प्रत्याशी अजहर इस्लाम के आवास पर अचानक छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई में पाकुड़ नगर थाना, मुफस्सिल थाना और मालपहाड़ी ओपी की पुलिस शामिल रही।दरअसल, यह पूरा मामला एक दिन पूर्व हुई पुलिस के साथ झड़प और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने से जुड़ा है।पुलिस ने अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने, पुलिस कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने, धक्का-मुक्की करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में अजहर इस्लाम, उनके पिता अली अकबर, निजी सुरक्षा गार्ड और 20 से 25 अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ कांड संख्या 94/26 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। यह एफआईआर मुफस्सिल थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक रामदुलार सिंह के लिखित बयान पर दर्ज की गई है।

img 20260715 wa00357274697430347934190

जमीन विवाद की जांच के दौरान हुई थी झड़प

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुफस्सिल थाने की पुलिस एक वादी की शिकायत पर जमीन विवाद से जुड़े मामले की जांच करने जानकीनगर पहुंची थी। इसी दौरान पूर्व प्रत्याशी अजहर इस्लाम और उनके समर्थकों की पुलिस टीम के साथ तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 163 (निषेधाज्ञा) के उल्लंघन और पुलिस के साथ दुर्व्यवहार के मामले में यह बड़ी कार्रवाई की।

img 20260715 wa00363496253858381757281

घर से दो बाल मजदूरों का हुआ रेस्क्यू।

पुलिस की इस छापेमारी के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। घटना की सूचना पाकर श्रम अधीक्षक गिरी शंकर शाह भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान अजहर इस्लाम के परिसर से दो बाल मजदूरों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें से एक बच्चे की उम्र 14 वर्ष से कम पाई गई है। इस मामले में श्रम विभाग की ओर से भी एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है और बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।छापेमारी दल की मजिस्ट्रेट तनुजा पुजहर ने मीडिया को दिए अपने आधिकारिक बयान में कहा पूर्व प्रत्याशी अजहर इस्लाम के घर पर आज पुलिस द्वारा छापेमारी की गई। हम लोगों ने उनके पूरे घर की सघन तलाशी ली है। तलाशी के दौरान अजहर इस्लाम घर पर मौजूद नहीं पाए गए। उनके परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई, जिन्होंने बताया कि वे रात में ही घर से बाहर निकल चुके हैं। हमारे द्वारा सभी कमरों की जांच की गई, लेकिन उनकी मौजूदगी नहीं मिली।बाल मजदूरों पर उन्होंने आगे कहा यह पूरा मामला कल (मंगलवार) का है, जब यहां प्रशासन की टीम आई थी और उनके साथ दुर्व्यवहार व बदतमीजी की गई थी। सुनने में आया है कि जमीन विवाद को लेकर प्रशासन की टीम यहां काम रोकने आई थी, जिसके बाद उन्हें डराया-धमकाया गया और महिला पुलिस कर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इसी सिलसिले में आज यह कार्रवाई की गई। इसके अलावा, यहां से दो नाबालिग बच्चों को भी रेस्क्यू किया गया है, जिन्हें काम पर रखे जाने की बात सामने आई थी। उन्हें सुबह ही भेज दिया गया है।”

img 20260715 wa00377938107424202125151

राजनीतिक साजिश के तहत प्रताड़ित करने का आरोप: अजहर

दूसरी ओर, इस पूरी कार्रवाई पर पूर्व एनडीए प्रत्याशी अजहर इस्लाम ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे एक राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए सत्ताधारी कांग्रेसी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अजहर इस्लाम ने कहा, “मुझे राजनीतिक साजिश के तहत प्रताड़ित किया जा रहा है। कांग्रेसी नेताओं के इशारे पर एक बेहद मामूली और छोटे से विवाद को तूल दिया गया और आज 40 से 50 पुलिसकर्मी मुझे पकड़ने के लिए मेरे घर पर छापेमारी करने पहुंच गए।”
फिलहाल, नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!