Search

September 12, 2026 12:38 am

गांव की जरूरत से बनेगी विकास की तस्वीर, पंचायत सहजकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण।

ग्रामसभा को मजबूत कर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर, स्थानीय जरूरतों के आधार पर तैयार होगी विकास योजना।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। गांव के विकास की योजना अब गांव की जरूरतों और ग्रामीणों की भागीदारी से तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से ‘सबकी योजना, सबका विकास’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण शनिवार को प्रखंड सभागार भवन में शुरू हुआ। बीडीओ संजय कुमार, प्रशिक्षु उपसमाहर्ता रवि रंजन कुमार और प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मौके पर बीडीओ संजय कुमार ने कहा कि ‘सबकी योजना, सबका विकास’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत करने और ग्राम पंचायतों को विकास की वास्तविक इकाई बनाने का जनभागीदारी आधारित अभियान है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना तभी प्रभावी होगी, जब समाज के सभी वर्गों की जरूरतों और सुझावों को ग्रामसभा के माध्यम से योजनाओं में शामिल किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी और अनुभव का उपयोग पंचायतों में जनसहभागिता बढ़ाने, ग्रामसभाओं को सशक्त बनाने और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक विकास योजनाएं तैयार करने में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर तैयार होने वाली बेहतर योजनाएं ही आत्मनिर्भर और समृद्ध गांवों की मजबूत नींव बनेंगी। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को अभियान की अवधारणा, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली, ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्रामसभा की भूमिका, सहभागी ग्रामीण नियोजन, सामाजिक एवं प्राकृतिक संसाधनों का मानचित्रण, स्थानीय जरूरतों की पहचान, प्राथमिकता निर्धारण, संसाधनों के समुचित उपयोग और विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक, ई-पंचायत सह प्रखंड समन्वयक, पंचायत राज स्वशासन परिषद के आनंद प्रकाश, मुखिया सह मास्टर ट्रेनर पूर्णेंदु सरकार, मास्टर ट्रेनर जॉन जंतु सोरेन, मनिदीपा साहा, प्रियंका मोहली समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों से नामित ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!