पाकुड़: आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने को लेकर जिला स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडे के मार्गदर्शन में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने की। इस दौरान एलडीएम, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, स्थायी लोक अदालत के सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से बैंक से जुड़े मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक संख्या में निपटाने पर जोर दिया गया। सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों के पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजा जाए, ताकि वे लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का शीघ्र निष्पादन करा सकें। इसके साथ ही त्वरित और सुलभ न्याय सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह भी तय किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान पक्षकारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अधिकारियों से समन्वय बनाकर अधिकतम मामलों के निष्पादन का लक्ष्य तय किया गया।
मौके पर एलडीएम, बैंक प्रतिनिधि, स्थायी लोक अदालत के सदस्य सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।





