बजरंग पंडित
पाकुड़: पाकुड़ जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बुधवार को जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पाकुड़ नगर थाना, लिट्टीपाड़ा थाना और महेशपुर थाना परिसर में एक साथ आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया और शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याएं सुनीं।कार्यक्रम में जमीन विवाद और घरेलू विवाद जैसे मामलों की अधिकता रही। दर्जनों नागरिक अपनी शिकायतों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पीड़ितों ने अपनी समस्याओं को लिखित रूप में एसपी को सौंपा। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि मामलों का शीघ्र और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा, “इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करना है। हर शिकायत का निपटारा तय समय सीमा के भीतर किया जाएगा।जनता ने कार्यक्रम को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कई फरियादियों ने बताया कि प्रशासन की यह पहल उन्हें अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर देती है।यह कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच संवाद बढ़ाने और विवादों के निपटारे में एक अहम कदम साबित हुआ है।






