बिना सूचना पट्ट के चल रहा निर्माण, लाभुक समिति की जगह बिचौलिये के जरिए काम कराने की चर्चा।
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। डूमरचीर पंचायत भवन के सामने चल रहे पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। पेवर ब्लॉक बिछाने के दौरान पर्याप्त मात्रा में बालू का इस्तेमाल नहीं किए जाने से सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, यह कार्य 15वें वित्त आयोग की राशि से कराया जा रहा है। वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि निर्माण कार्य में लाभुक समिति के बजाय बिचौलियों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पंचायत सचिव रितेश कुमार ने कहा कि उन्हें निर्माण कार्य की जानकारी नहीं है, क्योंकि वे अभी नए हैं। वहीं, बीडीओ ने कहा कि संबंधित जेई से बात कर मामले की जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्य लाभुक समिति के माध्यम से होना चाहिए, बिचौलिये के जरिए नहीं। इसके बाद मामले की जांच कराई जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर योजना की स्वीकृति, राशि और तकनीकी प्राक्कलन की जांच कराने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।








