Search

May 20, 2026 11:01 pm

निर्माणाधीन लैम्पस गोदाम पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने लगाया अनियमितता का आरोप।

बिना सूचना पट्ट बन रहा सरकारी गोदाम,घटिया ईंट, बिना मानक निर्माण और निजी जमीन पर निर्माण का आरोप।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): लिट्टीपाड़ा प्रखंड की तालझारी पंचायत अंतर्गत छोटा खाम्बी पहाड़िया टोला गांव में निर्माणाधीन लैम्पस गोदाम अब विवादों में घिरता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता, गुणवत्ता में लापरवाही और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी राशि से बन रहे गोदाम में मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण कार्य में घटिया ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है तथा ईंट जोड़ाई के दौरान पर्याप्त पानी नहीं दिया जा रहा, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य जल्दबाजी और मनमाने तरीके से कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर अब तक सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है। इसके कारण योजना का नाम, विभाग, लागत राशि, संवेदक और संबंधित अभियंता की जानकारी सार्वजनिक नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना पारदर्शिता के सरकारी कार्य कराया जाना गंभीर मामला है।
मामले में यह आरोप भी सामने आया है कि कुछ लोगों को लालच देकर गोदाम का निर्माण एक पहाड़िया परिवार की निजी जमीन पर कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने जमीन उपयोग की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीण रामा पहाड़िया, रूपा पहाड़िया, आरती मालतो, चांदू पहाड़िया, मागी पहाड़िन, बामड़ी पहाड़िन, सुरजी पहाड़िन और जबरा पहाड़िया समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जिला सहकारिता पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो ने कहा कि उन्हें नए भवन निर्माण के संबंध में फिलहाल किसी प्रकार की जानकारी नहीं है।

img 20260520 wa00444235546864010890733
img 20260520 wa00438614841336641024445

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!