राजकुमार भगत
पाकुड़ स्थित जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय राज प्लस टू में नई शिक्षा नीति 2020 के दिशा-निर्देशों के तहत विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चुनाव प्रक्रिया में अपनी सहभागिता निभाई। प्रखंड संसाधन केंद्र के निर्देशानुसार निहार रंजन सरकार की देखरेख में एसएमसी का गठन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। पुनर्गठित 25 सदस्यीय समिति में वीणा देवी को अध्यक्ष, सर्वेश जायसवाल को उपाध्यक्ष तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक राजू नंदन साहा को सचिव चुना गया। नई शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप गठित समिति में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। बैठक के समापन पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के पठन-पाठन के स्तर को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।








