पाकुड़: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अभी से ही आगामी 2029 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी कमर कसनी शुरू कर दी है। संगठन को धरातल पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के उद्देश्य से पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित तसर विभाग कैंपस में रविवार को राजद की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई।इस बैठक में मुख्य रूप से मौजूद राजद के जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और मीडिया से बातचीत में एक बड़ा राजनीतिक बयान देकर सूबे की सियासत गरमा दी है।
जरूरत पड़ी तो सभी 81 सीटों पर ठोकेंगे ताल: जिला अध्यक्ष
मीडिया से बातचीत करते हुए जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने कहा कि राजद केंद्रीय नेतृत्व और राज्य के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव के निर्देशानुसार पाकुड़ समेत पूरे प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुट गया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा राजद अभी से ही आगामी 2029 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लग गई है। पार्टी आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व का जैसा निर्देश होगा, उस आधार पर काम किया जाएगा। अगर भविष्य में जरूरत पड़ी, तो राजद झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने से भी पीछे नहीं हटेगी। इसकी मुकम्मल तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।
आम जनता के मुद्दों पर संघर्ष रहेगा जारी: महावीर
मड़ैया ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव के विजन की चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी हमेशा से ही गरीबों, मजलूमों और आम जनता के हक-अधिकार की लड़ाई लड़ती आई है। पाकुड़ जिले में मूलभूत सुविधाओं (बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य) की स्थिति को लेकर राजद लगातार मुखर रहेगी और जनता की आवाज बनकर स्थानीय प्रशासन से लेकर सरकार तक दबाव बनाएगी।बैठक के दौरान प्रखंड और पंचायत स्तर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए नए सदस्यों को जोड़ना अनिवार्य है। लिट्टीपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में राजद के जनाधार को बढ़ाने के लिए हर गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने संगठन को और अधिक गतिशील बनाने का संकल्प लिया।








