Search

August 24, 2026 11:57 pm

‘विशेष मिलेट अभियान’ की शुरुआत, किसानों को मिलेगा प्रति एकड़ तीन हजार का प्रोत्साहन।

हिरणपुर (पाकुड़): झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘विशेष मिलेट अभियान’ की शुरुआत मंगलवार को हिरणपुर प्रखंड के बाबूपुर पंचायत भवन में की गई। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के उप परियोजना निदेशक चन्द्रमौली, सहायक तकनीकी प्रबंधक जुनैद, पंचायत समिति सदस्य, उपमुखिया तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य मिलेट (श्री अन्न) की खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने बताया कि पाकुड़ के किसानों के लिए यह अभियान एक सुनहरा अवसर है। मिलेट की खेती कम पानी में भी बेहतर उत्पादन देती है और बदलते मौसम की चुनौतियों का सामना करने के लिए यह सबसे उपयुक्त फसल मानी जाती है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत किसानों को प्रति एकड़ 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह लाभ अधिकतम पांच एकड़ तक की खेती पर मिलेगा। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ मिलेट उत्पादन अपनाकर बेहतर मुनाफा कमाने की अपील की। आत्मा के उप परियोजना निदेशक चन्द्रमौली ने किसानों को मिलेट मिशन से जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि इच्छुक किसान अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मिलेट मिशन किसानों के लिए आय का नया और टिकाऊ विकल्प साबित होगा। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को मिलेट की खेती, इसके लाभ, सरकारी सहायता तथा पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और अधिक से अधिक किसानों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!