Search

April 27, 2025 7:57 am

नगर थाना की सराहनीय पहल, भटकी हुई नाबालिग को परिजनों से मिलाया।

पाकुड़। पाकुड़ नगर थाना व सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह की पहल पर एक भटकी हुई नाबालिग लड़की को उसके परिजनों से मिलाया गया। दिनांक 29 मार्च 2025 को रात 8:40 बजे कलिकापुर शनि मंदिर के पास एक विक्षिप्त नाबालिग बालिका सुनसान स्थान पर भटकते हुए मिली, जहां सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह,श्याम नगर, की नजर इस लड़की पर पड़ी और तुरंत इस संबंधित सूचना नगर थाना को दी गई, जिसके बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित थाना ले आया। पूछताछ के दौरान बालिका ने अपना नाम प्रियंका कुमारी (उम्र 14 वर्ष), पिता- उचित तांती, ग्राम- किशनपुर, थाना- अमरपुर, जिला- बांका बताया। उसे महिला कांस्टेबल की निगरानी में रखा गया और उसकी देखभाल के लिए विशेष व्यवस्था की गई। अगले दिन CWC को सूचित किया गया, लेकिन असंतोषजनक जवाब मिलने पर नगर थाना ने खुद जिम्मेदारी लेते हुए बच्ची के परिवार को ढूंढने का प्रयास जारी रखा। उसके दिए गए पते के आधार पर अमरपुर थाना से संपर्क किया गया, लेकिन तीसरे दिन प्रियंका ने अपना पता बदलकर ग्राम- किशनपुर, थाना- अकबरनगर, जिला- भागलपुर बताया। इस पर अकबरनगर थाना से संपर्क कर उसके परिवार की तलाश की गई। नगर थाना की पहल पर महिला जवान की मदद से प्रियंका को साफ-सुथरे कपड़े पहनाए गए और वीडियो कॉल के जरिए उसके माता-पिता से बात करवाई गई। हैरानी की बात यह रही कि माता-पिता अपनी बेटी को साफ-सुथरे कपड़ों में देखकर पहचान नहीं पाए। इस दौरान उन्होंने भारतीय पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कर्तव्यनिष्ठ सिपाहियों पर हमें गर्व है। 01 अप्रैल की शाम प्रियंका के पिता उसे लेने थाना पहुंचे, लेकिन प्रियंका पुलिसकर्मियों के साथ भावनात्मक रूप से इतनी जुड़ गई थी कि वह घर जाने के लिए तैयार नहीं हो रही थी। काफी समझाने के बाद वह अपने पिता के साथ जाने को राजी हुई। विदा होते समय उसने सभी पुलिसकर्मियों के पैर छुए, मानो वह अपने ही परिवार से विदा हो रही हो। घर पहुंचने के बाद प्रियंका के पिता ने पाकुड़ नगर थाना को फोन कर धन्यवाद दिया, वहीं प्रियंका ने भी भावुक होते हुए कहा, “Thank you bhaiya”। नगर थाना पाकुड़ की इस संवेदनशील पहल ने एक बार फिर पुलिस की मानवीय छवि को उजागर किया है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर