Search

April 29, 2026 9:08 pm

ऑटो के इंजन से निकला जहरीला कोबरा, रेस्क्यू टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू।

इकबाल हुसैन

महेशपुर: गढ़बाड़ी कोल स्टोर फार्म के समीप स्थित दीपक कुमार पेट्रोल पंप पर मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेल भरवाने आए एक ऑटो के इंजन के पास से फन फैलाए जहरीला कोबरा सांप निकल आया। भीड़भाड़ वाले पेट्रोल पंप पर सांप दिखते ही लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे एक ऑटो चालक पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर सीट के नीचे इंजन के पास गई, जहां एक बड़ा कोबरा कुंडली मारकर बैठा था। चालक के शोर मचाते ही मौके पर मौजूद ग्राहकों और कर्मियों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए पंप संचालक ने तुरंत लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। सूचना मिलते ही स्थानीय स्नेक रेस्क्यू टीम और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक करीब 20 मिनट तक अभियान चलाकर ऑटो के इंजन में छिपे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू टीम के अनुसार, पकड़ा गया सांप स्पेक्ट्रेल कोबरा प्रजाति का वयस्क नर है, जिसकी लंबाई लगभग 5 फीट है और यह बेहद विषैला होता है। टीम के सदस्यों ने बताया कि तेज गर्मी के कारण सांप ठंडी जगह की तलाश में ऑटो के इंजन के पास छिप गया होगा। फिलहाल सांप को सुरक्षित रखा गया है और आवश्यक जांच के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
पेट्रोल पंप संचालक दीपक कुमार ने रेस्क्यू टीम का आभार जताते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पंप पर कामकाज सामान्य हो गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!